बात बंद करने पर बौखलाया युवक: युवती पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार

बात बंद करने पर बौखलाया युवक: युवती पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार

कोंडागांव। जिले के केशकाल थाना क्षेत्र में एकतरफा रिश्ते की नाराजगी ने हिंसक रूप ले लिया। बातचीत बंद करने से गुस्साए एक युवक ने युवती पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती का इलाज अस्पताल में जारी है। घटना 26 मार्च की रात की है। युवती गांधी मार्ट में काम खत्म कर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में शाहिद हनफी की मुर्गी दुकान के पास आरोपी लक्की सिंह ने उसे रोक लिया।पुलिस के मुताबिक, युवती ने परिवार की मर्जी से आरोपी से बात करना बंद कर दिया था, जिससे वह नाराज था। मौके पर उसने युवती को धमकाते हुए कहा, “मुझसे बात क्यों नहीं करती, जान से मार दूंगा,” और फिर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती के बाएं हाथ और जांघ में गंभीर चोटें आईं। उसने बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक आरोपी वार कर चुका था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।आसपास के लोगों ने घायल युवती को तुरंत केशकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। साइबर टीम की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रैक कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान लक्की सिंह उर्फ उरवानुष भेलवा, निवासी धमतरी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर 29 मार्च को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक जानलेवा हमला था, जिसे आरोपी ने गुस्से में अंजाम दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और युवती की सुरक्षा व उपचार को प्राथमिकता दी जा रही है।