ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्ती: रायपुर में एक ही रात 165 चालकों पर कार्रवाई
रायपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस द्वारा विशेष कार्रवाई करते हुए 12 अप्रैल की रात एक बड़े अभियान में 165 चालकों को पकड़ा गया।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत यातायात पुलिस ने पुलिस उपायुक्त विकास कुमार के निर्देश पर शहर के 9 अलग-अलग स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चला रहे चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, इस साल जनवरी से अब तक 2300 से अधिक नशेड़ी वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है। हर मामले में न्यायालय द्वारा न्यूनतम 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान किसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। नशे में ड्राइविंग को लेकर “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई गई है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और शराब पीकर वाहन चलाने से बचें। साथ ही, ऐसे मामलों में किसी प्रकार की सिफारिश या कॉल करने से भी परहेज करें, ताकि कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित हो सके।



