परिवहन केंद्र की आड़ में फर्जी मेट्रिमोनियल कॉल सेंटर, रायगढ़ पुलिस ने किया भंडाफोड़
रायगढ़ के दरोगा पारा स्थित ‘निधि परिवहन केंद्र’ में संचालित एक हाईटेक फर्जी मेट्रिमोनियल कॉल सेंटर का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में शादी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले संगठित गिरोह का खुलासा हुआ है।
छापेमारी के दौरान पुलिस उस वक्त हैरान रह गई, जब परिवहन केंद्र की आड़ में एक कमरे में बाकायदा कॉल सेंटर संचालित होता मिला। कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद युवतियों ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे ढक लिए, जबकि कुछ पुरुष सदस्य भी कैमरों से बचते नजर आए।
जांच में सामने आया कि गिरोह ने गूगल पर मेट्रिमोनियल सेवाओं के नाम से अपने नंबर रजिस्टर करा रखे थे। कॉल करने वाले लोगों को झांसे में लेकर रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर पैसे वसूले जाते थे। भरोसा जीतने के लिए आकर्षक तस्वीरें दिखाकर बातचीत का झांसा दिया जाता और फिर अलग-अलग शुल्क के नाम पर लगातार रकम ऐंठी जाती थी।
पुलिस को मौके से कंप्यूटर सिस्टम, कॉलिंग रजिस्टर और आरटीओ सहित कई विभागों की फर्जी मुहरें भी बरामद हुई हैं। कार्रवाई में सीएसपी मयंक मिश्रा और साइबर सेल की टीम भी शामिल रही।
प्रारंभिक पूछताछ में कुछ युवतियों ने बताया कि उन्हें वैध काम के नाम पर नौकरी दी गई थी और उन्हें ठगी के इस नेटवर्क की पूरी जानकारी नहीं थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे नेटवर्क और मास्टरमाइंड से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।



