ITC की टीम ने बिलासपुर में पकड़ी नकली सिगरेट की खेप
बिलासपुर में नकली सिगरेट के बड़े कारोबार का पर्दाफाश हुआ है। ITC Limited की टीम ने ग्राहक बनकर कार्रवाई करते हुए ‘गोल्ड फ्लेक’ ब्रांड की नकली सिगरेट की खेप पकड़ी है।
टीम ने व्यापार विहार इलाके में एक थोक व्यापारी के पास से करीब 5 लाख रुपए की चार कार्टन सिगरेट जब्त की। बताया जा रहा है कि आरोपी शहर के छोटे-बड़े दुकानदारों को लंबे समय से नकली सिगरेट की सप्लाई कर रहा था।
ग्राहक बनकर की गई कार्रवाई
आईटीसी को पहले से सूचना मिली थी कि शहर में नकली सिगरेट का नेटवर्क सक्रिय है। इसके बाद टीम ने पान ठेलों से सैंपल लेने के बाद ग्राहक बनकर महाराणा प्रताप चौक के पास स्थित थोक सप्लायर की दुकान पर दबिश दी।
वहीं खरीदी गई सिगरेट की जब असली पैकेट और स्टिक से तुलना की गई, तो माल नकली पाया गया। इसके बाद टीम जब्त सामग्री के साथ थाने पहुंची, जहां देर रात तक कार्रवाई चलती रही।
रोजाना लाखों का कारोबार
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस अवैध कारोबार का टर्नओवर रोजाना 2 लाख रुपए से अधिक बताया जा रहा है। नकली और असली सिगरेट की पहचान पैकेट की प्रिंटिंग, होलोग्राम, कोड, स्टिक की बनावट और स्वाद के आधार पर की जाती है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।



