पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा को ईडी ने किया गिरफ्तार

पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा को ईडी ने किया गिरफ्तार

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। आज ही उनके सरकारी आवास समेत कई ठिकानों पर छापा मारा गया था। चंडीगढ़ में करीब 20 गाड़ियों में पहुंचे ईडी अधिकारियों ने भारी सुरक्षा के बीच सुबह तलाशी ली थी। इस कार्रवाई पर सियासी घमासान शुरू हो गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कार्रवाई को राजनीतिक बदला बताते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा था।

अधिकारियों ने बताया कि चंडीगढ़ स्थित अरोड़ा के आधिकारिक आवास और हरियाणा के गुरुग्राम में एक रियल एस्टेट कंपनी सहित 5 परिसरों पर छापे मारे गए। इनमें दिल्ली, गुड़गांव और चंडीगढ़ में हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड के कार्यालय परिसर शामिल हैं। ये मामला कथित तौर पर अरोड़ा द्वारा अपनी कंपनी के माध्यम से किए गए मनी लॉन्ड्रिंग के मामले से जुड़ा है, जिसमें 100 करोड़ रुपये से अधिक के मोबाइल की फर्जी जीएसटी खरीद शामिल है।

भगवंत मान ने कहा, आज फिर भाजपा की ईडी संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में यह तीसरी बार और एक महीने में दूसरी बार। फिर भी उन्हें कुछ नहीं मिला। मैं मोदी जी से कहना चाहता हूं कि पंजाब गुरुओं की धरती है; औरंगजेब भी इसे झुका नहीं पाया था। यह भगत सिंह की धरती है, जिन्होंने अंग्रेजों के सामने कभी सिर नहीं झुकाया; इसलिए पंजाब मोदी की चालों के आगे कभी नहीं झुकेगा।

अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर एजेंसियों के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ईडी और केंद्रीय जांच ब्यूरो जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने और उन्हें भाजपा में शामिल होने के लिए मजबूर करने के लिए किया जा रहा है। जब से मोदी सरकार सत्ता में आई है, सीबीआई-ईडी भ्रष्टाचार को रोकने के लिए नहीं, बल्कि दूसरी पार्टियों को तोड़ने और नेताओं को धमकाकर भाजपा में शामिल कराने के लिए कर रही हैं।

जांच के मुताबिक, अरोड़ा ने अपनी कंपनी के जरिए मोबाइल फोन की 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की फर्जी जीएसटी खरीद दिखाकर बड़े स्तर पर मनी लॉन्ड्रिंग की है। शेल कंपनियों और नकली खरीद इनवॉइस के जरिए कथित तौर पर 157.12 करोड़ रुपये की नकली बिक्री और फर्जी निर्यात किए गए।

ईडी का मानना है कि फेमा नियमों का कथित तौर पर उल्लंघन करते हुए विदेशी कंपनियों के जरिए पैसों का हेरफेर किया गया।