भरोसे का फायदा उठाकर 70 लाख के जेवर लेकर फरार, PWD कर्मचारी पर धोखाधड़ी का आरोप
धमतरी। जिले में विश्वास को तार-तार कर देने वाला एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक सराफा व्यापारी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के कर्मचारी पर करीब 70 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। घटना के बाद सराफा व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर बाजार का है। पीड़ित सराफा व्यापारी जसराज जैन ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि आरोपी हेमंत सोनी लोक निर्माण विभाग में कर्मचारी है। आरोपी के पिता लंबे समय से उनकी दुकान में कार्यरत थे, जिससे दोनों परिवारों के बीच वर्षों पुराना भरोसेमंद संबंध था।
विश्वास जीतकर बढ़ाया कारोबार में दखल
शिकायत के मुताबिक, इसी पारिवारिक संबंध का फायदा उठाते हुए हेमंत सोनी का दुकान में लगातार आना-जाना बढ़ गया। वह ग्राहकों को सोने-चांदी के आभूषण दिखाने और बिक्री से जुड़े कार्यों में भी सहयोग करने लगा। धीरे-धीरे उसने व्यापारी का पूरा विश्वास हासिल कर लिया। व्यापारी का आरोप है कि भरोसा बढ़ने के बाद हेमंत को लाखों रुपये मूल्य के जेवर ग्राहकों को दिखाने और लेन-देन के लिए दिए जाने लगे।
दो महीने पहले लेकर गया जेवर, फिर नहीं लौटा
पीड़ित के अनुसार, करीब दो महीने पहले हेमंत सोनी दुकान से लगभग 70 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। जब उससे संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला।
परिजनों और परिचितों के माध्यम से उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। काफी खोजबीन के बाद व्यापारी को अपने साथ बड़ी धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। इस घटना के सामने आने के बाद धमतरी के सराफा कारोबारियों में चिंता का माहौल है। व्यापारी वर्ग ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और रकम की बरामदगी की मांग की है।



