खम्हारडीह क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक सौगात : ₹20.92 करोड़ की जल प्रदाय योजना से दूर होगी वर्षों पुरानी जल समस्या – विधायक पुरन्दर मिश्रा
रायपुर। उत्तर विधानसभा क्षेत्र के खम्हारडीह क्षेत्रवासियों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल करते हुए आज रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा ₹2092.76 लाख (लगभग ₹20.92 करोड़) की लागत से निर्मित होने वाले 2500 किलोलीटर क्षमता के 25 मीटर ऊँचे नवीन जलागार (वाटर टैंक) एवं पाइपलाइन विस्तार कार्य का भूमिपूजन एवं शिलान्यास समारोह संपन्न हुआ।
इस अवसर पर प्रदेश के यशस्वी उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री माननीय श्री अरुण साव जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रायपुर दक्षिण के विधायक श्री सुनील सोनी जी, रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे जी, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव जी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री रमेश सिंह ठाकुर जी, नगर निगम सभापति श्री सूर्यकांत राठौड़ जी, एमआईसी सदस्य एवं पार्षद श्री संतोष सीमा साहू जी, वॉर्ड पार्षद श्री पुष्पा रोहित साहू जी,अन्य पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा जी ने कहा कि खम्हारडीह सहित आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती आबादी और जल की बढ़ती मांग को देखते हुए यह परियोजना अत्यंत आवश्यक थी। लंबे समय से क्षेत्रवासी जल संकट की समस्या से जूझ रहे थे, जिसके स्थायी समाधान के लिए यह बहुप्रतीक्षित योजना प्रारंभ की गई है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक जलागार का निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्र के हजारों परिवारों के बेहतर जीवन, स्वास्थ्य और सुविधाजनक भविष्य की मजबूत नींव है।
विधायक श्री मिश्रा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी एवं उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी के नेतृत्व में शहरों के आधारभूत विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। जल, सड़क, बिजली, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक नागरिक को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि नवीन जलागार के निर्माण एवं पाइपलाइन विस्तार कार्य पूर्ण होने के बाद खम्हारडीह तथा आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। इससे हजारों परिवारों को नियमित एवं पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध हो सकेगा तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भी यह परियोजना अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के लिए प्रदेश सरकार, नगरीय प्रशासन विभाग एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों ने विश्वास जताया कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद जल संकट की समस्या काफी हद तक समाप्त होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा ने सभी क्षेत्रवासियों को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की बधाई देते हुए आश्वस्त किया कि उत्तर विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए इसी प्रकार जनहित के कार्य निरंतर जारी रहेंगे तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।



