छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार धीमी, 15-16 जुलाई से फिर बढ़ेगी बारिश; अब तक 26% कम वर्षा
छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा, जिससे बारिश का इंतजार बढ़ गया है। राजधानी रायपुर पूरी तरह सूखी रही और सोमवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर भी दर्ज किया गया। अब तक राज्य में सामान्य से 26 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
सोमवार को रायपुर और बिलासपुर में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम प्रणाली सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार मानसून द्रोणिका श्रीगंगानगर, हिसार, मुरादाबाद, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर, बालुरघाट होते हुए मणिपुर तक बनी हुई है। वहीं उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिणी बांग्लादेश के ऊपर 4.5 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में मंगलवार को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई गई है।



