महिला आयोग की 5 नवनियुक्त सदस्यों ने ग्रहण किया पदभार

महिला आयोग की 5 नवनियुक्त सदस्यों ने ग्रहण किया पदभार

 राज्य शासन ने 26 सितम्बर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग के रिक्त पद पर 5 सदस्यों की नियुक्ति की थी। इसमें श्रीमती लक्ष्मी वर्मा (बलौदाबाजार) ने 7 अक्टूबर को ही आयोग कार्यालय आकर पदभार ग्रहण कर लिया था और बाकी चार सदस्यगण श्रीमती प्रियंवदा सिंह जूदेव (जशपुर), श्रीमती सरला कोसरिया (महासमुंद), श्रीमती ओजस्वी मंडावी (दंतेवाड़ा) एवं दिपिका सोरी (सुकमा) ने 17 अक्टूबर को आयोग कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। छ.ग. राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए महिलाओं के हितों में मिलकर कार्य करने के लिए कहा।

ज्ञात हो कि पुराने सदस्यों का कार्यकाल 27 जून को समाप्त हो गया था। महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने मुख्यमंत्री साय को पत्र भेज कर सभी पांचों सदस्यों की जल्द से जल्द नियुक्ति की मांग की थी। उन्होंने यह निवेदन किया था कि सभी संभाग से खासकर सरगुजा एवं बस्तर संभाग से सदस्यों की नियुक्ति की जाए। जिस पर अमल करते हुए छ.ग. शासन द्वारा सरगुजा, बस्तर, रायपुर संभागों से सदस्यों की नियुक्ति करने पर डॉ. किरणमयी नायक ने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया।

इस दौरान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला,  छ.ग. राज्य महिला आयोग के सचिव मनोज कुमार सिन्हा, सहायक संचालिका श्रीमती पुष्पा किरण कुजूर व आयोग के सभी कर्मचारिगण और नवनियुक्त सदस्यों के साथ कार्यकर्तागण पदभार ग्रहण समारोह में उपस्थित थे।