जिम के बाहर हरियाणावी गायक अंकित बालियान की हत्या
उत्तर प्रदेश के शामली में बेखौफ अपराधियों ने बुधवार शाम को हरियाणावी गायक अंकित बालियान (32) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में आर्यपुरी नाला पटरी के पास उस समय घटी जब बालियान जिम से बाहर आ रहे थे। उनको बेहद करीब से 18 गोलियां मारी गई है। घटना की सूचना पर सभी बड़े पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अपराधियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है।
पुलिस ने बताया कि 4 हमलावर 2 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे और जिम के बाहर घात लगाए बैठे थे। बालियान जैसे ही जिम से बाहर निकलकर अपनी स्कॉर्पियो की ओर बढ़े, हमलावर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर फरार हो गए। बालियान ने खुद को बचाने के लिए SUV के पीछे दीवार से छिपकर बचने की कोशिश की, लेकिन 5 गोलियां उनके सिर और पेट में लगी, जिससे मौके पर मौत हो गई। गाड़ी के शीशों पर भी गोलियां लगी हैं।
हत्या के बाद बालियान के परिवारवालों, समर्थकों और ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन किया। उन्होंने गोलीबारी स्थल से लगभग 50 मीटर दूर दिल्ली-मुजफ्फरनगर रोड को अवरुद्ध कर हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने घटना पर भाजपा सरकार को घेरा है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि मृतक बालियान की दुखी मां के द्वारा अपने बेटे के शव को गोद में रखकर सड़क पर ही शोकाकुल होने का समाचार हृदयविदारक है।
शामली के बंटीखेड़ा गांव के निवासी बालियान के यूट्यूब पर 3.66 लाख से अधिक सब्सक्राइबर थे और वे अपने हरियाणवी गीतों और प्रस्तुतियों के लिए जाने जाते थे। उनके वीडियो में अक्सर SUV और हथियार दिखाई देते थे। वे "भारी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान" गाने के लिए भी मशहूर थे। अटकलें हैं कि वे जिला पंचायत राजनीति में प्रवेश करने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, अभी तक पुलिस और समर्थकों ने इसकी पुष्टि नहीं की।



