फाफाडीह के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में शिक्षक दिवस समारोह, विधायक ने किया शिक्षकों का सम्मान
रायपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर स्वामी आत्मानंद शहीद स्मारक उत्कृष्ट विद्यालय, फाफाडीह में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक पुरन्दर मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को आकार देने वाले सम्माननीय शिक्षकों का सम्मान कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण करने वाले सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। शिक्षक अपने संस्कार, अनुशासन, समर्पण और अनुभव से विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। एक शिक्षक की सीख विद्यार्थी के जीवन में लंबे समय तक मार्गदर्शक प्रकाश की तरह काम करती है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव विद्यालयों में रखी जाती है और उस नींव को मजबूत करने में शिक्षकों की भूमिका सर्वोपरि है। आज के विद्यार्थी ही कल देश और समाज का नेतृत्व करेंगे, इसलिए उन्हें बेहतर शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और जिम्मेदारी का बोध देना भी आवश्यक है।
विधायक ने शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि समाज और देश के भविष्य को संवारने वाले प्रत्येक समर्पित शिक्षक का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने विद्यार्थियों को भी शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ रायपुर रॉयल के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल जी सहित रोटरी क्लब के अन्य पदाधिकारी तथा विद्यालय समिति के अध्यक्ष संजय जोशी, नेहा राठौड़, रजनीश पात्रा एवं सोनू कुरैशी सहित विद्यालय के शिक्षकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
समारोह में शिक्षकों के सम्मान के साथ विद्यार्थियों में गुरु के प्रति आदर, संस्कार और कृतज्ञता की भावना को भी मजबूत करने का संदेश दिया गया।



