मुनि पुनीत सागर के प्रवचनों से गूंजा दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर

मुनि पुनीत सागर के प्रवचनों से गूंजा दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर

मालवीय रोड स्थित दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर में मुनि आगम सागर महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में चल रहे समयोपदेश वर्षायोग 2026 के अंतर्गत 6 नवंबर को दैनिक धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुए। प्रातः 8 बजे मूलनायक भगवान की बेदी के समक्ष श्रीजी को पांडुक शिला पर विराजमान कर भव्य अभिषेक एवं शांतिधारा की गई। शांतिधारा करने का सौभाग्य कोटा (राजस्थान) निवासी जयप्रकाश जैन एवं रजत जैन सभद्रा परिवार को प्राप्त हुआ।

‘इष्टोपदेश’ के माध्यम से बताया आत्मकल्याण का मार्ग
धर्मसभा में मुनि पुनीत सागर महाराज ने ग्रंथराज ‘इष्टोपदेश’ का मर्मस्पर्शी अध्ययन कराते हुए श्रद्धालुओं को आत्मकल्याण का मार्ग बताया। उन्होंने कहा कि शरीर नश्वर है और आत्मा अमर, इसलिए शरीर को ही अपनी आत्मा मानकर उससे मोह करना उचित नहीं है। मनुष्य को भौतिक पदार्थों के मोह से दूर रहकर ज्ञान रूपी वास्तविक धन अर्जित करने का प्रयास करना चाहिए।

मुनिश्री ने समझाया कि संसार में प्रत्येक जीव को अपने कर्म स्वयं करने पड़ते हैं और उनके फल भी स्वयं ही भोगने होते हैं। जिस प्रकार एक व्यक्ति के भोजन करने से दूसरे की भूख नहीं मिटती, उसी प्रकार कोई दूसरा व्यक्ति हमारे स्थान पर धर्म और आत्मकल्याण नहीं कर सकता। उन्होंने पक्षियों के उदाहरण से जीवन की क्षणभंगुरता समझाते हुए कहा कि संसार में मनुष्य का जीवन भी कुछ समय के पड़ाव जैसा है। इसलिए मोह कम कर उचित समय, बुद्धि और साहस का उपयोग आत्मकल्याण में करना चाहिए। उन्होंने सहनशीलता को आध्यात्मिक उन्नति का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि जो जितना अधिक सहन करता है, वह उतना ही आध्यात्मिक रूप से आगे बढ़ता है।

चार परिवारों को मिला आहारदान का सौभाग्य
6 नवंबर को नवधा भक्ति के साथ संतों को आहारदान देने का सौभाग्य रायपुर के चार धर्मप्रेमी परिवारों को प्राप्त हुआ। मुनि आगम सागर महाराज को टैगोर नगर निवासी जीवनलाल जैन, चंद्रवती जैन एवं परिवार, मुनि पुनीत सागर महाराज को मालवीय रोड निवासी शालिनी प्रभात जैन, एलक धैर्य सागर को जैन बाड़ा निवासी सरिता जैन, सपना जैन एवं रेखा जैन तथा एलक स्वागत सागर को मंदिर कार्यालय के सामने निवासी पुष्पादेवी बंशीलाल जैन ने आहारदान दिया।

9 नवंबर को समर्पित होगा निर्वाण लाडू, होंगे कलशों का निष्ठापन
समयोपदेश वर्षायोग समिति एवं सकल दिगम्बर जैन समाज, रायपुर द्वारा 9 नवंबर 2026, सोमवार को भगवान महावीर स्वामी के मोक्ष कल्याणक महापर्व पर बड़ा मंदिर में भव्य धार्मिक महोत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे जिनेंद्र देव के अभिषेक एवं शांतिधारा से होगी। इसके बाद भगवान महावीर स्वामी का विशेष अष्टद्रव्य पूजन और संगीतमय अर्घ्य समर्पण किया जाएगा। भगवान के मोक्ष गमन के पावन प्रसंग पर निर्वाण लाडू समर्पित किया जाएगा।

इस अवसर पर ‘समयोपदेश वर्षायोग 2026’ के पावन कलशों का विधि-विधान से निष्ठापन भी होगा। कार्यक्रम में फूलमाला, आरती सहित विभिन्न मांगलिक क्रियाओं की बोलियां मुनि आगम सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में संपन्न कराई जाएंगी।

वर्षायोग समिति एवं मंदिर प्रबंधकारिणी ने रायपुर के समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से 9 नवंबर को सुबह 7 बजे बड़ा मंदिर पहुंचकर महोत्सव में शामिल होने और धर्मलाभ लेने की अपील की है।