रील बनाने को लेकर विवाद, महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

रील बनाने को लेकर विवाद, महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

दुर्ग  जिले के छावनी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। पत्नी ने नाराज होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान अंजली साव (35) के रूप में हुई है, जो भिलाई क्षेत्र की रहने वाली थी।

जानकारी के अनुसार अंजली इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय रहती थी और नियमित रूप से रील बनाती थी। यह बात उसके पति को पसंद नहीं थी, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस के मुताबिक बुधवार को जब बच्चे ट्यूशन के लिए घर से बाहर गए हुए थे, उसी दौरान अंजली ने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बच्चों के लौटने पर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आत्महत्या से पहले किसी तरह का सुसाइड नोट छोड़ा गया था या नहीं।

गौरतलब है कि जिले में हाल के दिनों में आत्महत्या की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले एक ग्राफिक्स डिजाइनर युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते फांसी लगाई थी, जबकि एक अन्य मामले में दो भाइयों के साथ रह रही बहन ने भी आत्महत्या कर ली थी। इन घटनाओं ने समाज में बढ़ते मानसिक तनाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं।