डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार GST सहायक आयुक्त आंचला गिरी निलंबित
कांकेर जिले में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार की गई GST सहायक आयुक्त आंचला गिरी को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने 21 नवंबर को अधिकारी के साथ कथित मध्यस्थ चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के करीब 24 घंटे के भीतर सरकार ने निलंबन की कार्रवाई की।
वाहन छोड़ने के एवज में मांगी थी दो लाख रुपये की रिश्वत
मामले में कांकेर निवासी शोएब रंगरेज ने ACB के जगदलपुर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, कांकेर में पदस्थ सहायक आयुक्त आंचला गिरी ने ई-वे बिल से जुड़े मामले में शोएब के वाहन को रोक दिया था। वाहन छोड़ने के बदले कथित तौर पर दो लाख रुपये की मांग की गई थी।
शिकायतकर्ता का आरोप था कि अधिकारी ने डेढ़ लाख रुपये अपने घर पर देने और शेष 50 हजार रुपये पेनाल्टी के रूप में जमा कराने की बात कही थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने अधिकारी को रंगे हाथ पकड़वाने के लिए ACB से संपर्क किया।
घर पर ACB ने बिछाया जाल, नाली में फेंकी गई रकम
शिकायत की जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद ACB जगदलपुर की टीम ने अधिकारी के घर पर ट्रैप की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान जैसे ही छापे की भनक लगी, घर पर मौजूद CA इमरान मेमन ने कथित तौर पर रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी।
इसके बाद ACB की टीम ने मौके से सहायक आयुक्त आंचला गिरी और CA इमरान मेमन को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।



