कोटा में भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत, 6 घायल
राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे भीषण सड़क हादसे में बच्चों समेत एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शंभूपुरा गांव के पास हुआ, जहां महाराष्ट्र के धुले से आए 15 श्रद्धालुओं को लेकर जा रही तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। सभी श्रद्धालु खाटू श्यामजी के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे।
चालक को झपकी आने से हादसे की आशंका
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। आशंका है कि नींद की झपकी के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और क्रूजर सीधे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग उसमें फंस गए।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान उषा बाई, सुशीला, कैलाश, सान्वी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल, जाह्नवी और माधवी के रूप में हुई है।
छह घायलों का न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार
हादसे में घायल छह लोगों को एंबुलेंस की मदद से कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों की देखभाल के लिए अस्पताल प्रशासन ने विशेष मेडिकल टीम तैनात की है।
सिटी एसपी और एडीएम मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त क्रूजर में फंसे लोगों को बाहर निकाला। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम-सिटी) सहित अन्य पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने घायलों के उपचार और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



