तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से 10वीं के छात्र की मौत, बोर्ड परीक्षा महज आठ दिन पहले हादसे से परिवार
रायगढ़। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तालाब नहाने जा रहे 10वीं कक्षा के छात्र को तेज रफ्तार ऑटो ने पीछे से टक्कर मार दी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।जानकारी के मुताबिक कुकुर्दा निवासी अंकुश मेहर, पिता सुदामा मेहर, साइकिल से नहाने जा रहा था। नदी पुल के पास पीछे से आ रहे ऑटो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अंकुश गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने ऑटो चालक को पकड़ लिया और घायल छात्र को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।
बताया जा रहा है कि ऑटो चालक का नाम संजय अग्रवाल है। हादसे के बाद वह अपने कुछ साथियों के साथ कार से घायल छात्र के परिजनों के पास भी पहुंचा। लेकिन अस्पताल में मौत की खबर मिलते ही वह मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
अंकुश मेहर अघोर आश्रम बनोरा में 10वीं कक्षा का छात्र था। उसकी बोर्ड परीक्षा महज आठ दिन बाद शुरू होने वाली थी। वह पढ़ाई में जुटा हुआ था। इस हादसे ने परिवार ही नहीं, स्कूल और गांव में भी गहरा शोक छोड़ दिया है।



