विधायक पुरंदर मिश्रा की मौजूदगी में उत्साहपूर्वक मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव, बच्चों के चेहरों पर दिखी खुशी
रायपुर। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, त्रिमूर्ति नगर में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम उत्साह, उल्लास और संस्कारों के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा शामिल हुए। उन्होंने माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के नन्हे विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। इसके पश्चात बच्चों ने मधुर स्वर में स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। विद्यालय परिसर बच्चों की मुस्कान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और शिक्षा के उत्सव से सराबोर नजर आया।
अपने संबोधन की शुरुआत विधायक श्री पुरंदर मिश्रा ने “जय श्रीराम” एवं “जय जगन्नाथ स्वामी” के जयघोष के साथ की। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें वितरित कीं और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए निरंतर अध्ययन एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को अंकसूची एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे गर्व और खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर नगर निगम सभापति श्री सूर्यकांत राठौर, एमआईसी सदस्य श्री महेंद्र खोडियार, फाफाडीह मंडल अध्यक्ष श्री जितेंद्र गंडेचा, वार्ड पार्षद श्री खगपति सोनी, पूर्व पार्षद श्री गोपाल सोना, श्री संजय जोशी सहित विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती कीर्ति सोनी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में पूर्व पार्षद श्री गोपाल सोना ने आभार प्रदर्शन करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
शाला प्रवेशोत्सव ने यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव भी है।



