घरेलू विवाद में खूनी वारदात, भाई ने कुल्हाड़ी से भाई को किया लहूलुहान
फरसगांव ब्लॉक के बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटपाड में शुक्रवार शाम घरेलू विवाद के दौरान बड़े भाई ने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां भी चोटिल हो गई।
जानकारी के अनुसार, कोटपाड निवासी 24 वर्षीय सलीम पटेल अपनी मां रामोतीन पटेल के साथ घर में भोजन कर रहा था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई जितेंद्र पटेल वहां पहुंचा और कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में सलीम के सिर, पीठ और जांघ में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव के दौरान उसकी मां भी घायल हो गईं।
घायल रामोतीन पटेल को प्राथमिक उपचार के लिए कोटपाड अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल सलीम पटेल को 112 एंबुलेंस से फरसगांव अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



