कोरबा की लखनी साहू को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया सम्मानित
राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तहत उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

कोरबा। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) से जुड़ी कोरबा की प्रतिभाशाली छात्रा लखनी साहू को उनके उत्कृष्ट सामाजिक और जनसेवा कार्यों के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया है। यह सम्मान न केवल लखनी साहू के लिए, बल्कि पूरे कोरबा जिले और छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गर्व का विषय बन गया है।
राष्ट्रपति सम्मान समारोह नई दिल्ली स्थित विशाल भवन में आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से चयनित विद्यार्थियों को उनके सामाजिक, पर्यावरणीय और जनकल्याणकारी योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
लखनी साहू ने अपने एनएसएस कार्यकाल के दौरान पौधारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण, तथा प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता फैलाने जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने समाज में स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है।
उनकी इस उपलब्धि से कोरबा सहित समूचे छत्तीसगढ़ में खुशी की लहर है। स्थानीय शिक्षकों और सहपाठियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि लखनी साहू ने युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनने का कार्य किया है।