स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्रों का अनावरण एवं “श्री रामेश्वर-भगवती सभागार” नामकरण समारोह 15 अगस्त को

छायाचित्रों का एवं हाल की नाम पट्टिका का अनावरण बसना क्षेत्र के विधायक एवं मंदिर के ट्रस्टी श्री संपत अग्रवाल जी द्वारा

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्रों का अनावरण एवं “श्री रामेश्वर-भगवती सभागार” नामकरण समारोह 15 अगस्त को

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर लगभग 160 वर्ष पुराने नवनिर्मित मंदिर श्री बांके बिहारी मंदिर, चूड़ी लाइन, नयापारा, सदर बाजार, रायपुर में 15 अगस्त 2026, शनिवार को दोपहर 3:30 बजे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के छायाचित्रों के अनावरण एवं मंदिर के भूतल स्थित सभागार के “ श्री रामेश्वर-भगवती सभागार ” नामकरण का गरिमामय समारोह आयोजित किया जाएगा।

श्री बांके बिहारी मंदिर संचालन समिति के अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल, सचिव श्री संजीव अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष श्री कमल सिंघानिया तथा श्री बांके बिहारी मंदिर ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष श्री अशोक अग्रवाल, सचिव श्री सुरेश चौधरी एवं कोषाध्यक्ष श्री विनोद अग्रवाल ने बताया कि लगभग 160 वर्ष पुराना श्री बांके बिहारी मंदिर रायपुर के ऐतिहासिक और सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। स्वतंत्रता संग्राम के दौर में यह मंदिर परिसर क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रभक्तों के मिलन, विचार-विमर्श और आंदोलन की रणनीति पर चर्चा के प्रमुख केंद्रों में से एक रहा है।

इसी अवसर पर मंदिर के भूतल स्थित सभागार का नामकरण स्व. श्री रामेश्वर लाल जी अग्रवाल एवं स्व. श्रीमती भगवती देवी अग्रवाल की पुण्य स्मृति में “श्री रामेश्वर-भगवती सभागार” के रूप में किया जाएगा। यह नामकरण माता-पिता के प्रति श्रद्धा, संस्कार, सेवा एवं सामाजिक योगदान की भावना को समर्पित होगा। रायपुर के ही श्री मातादीन अग्रवाल एवं परिवार ने अपने माता-पिता एवं पूर्वजों की स्मृति में इस हाल का नामकरण किया जाना अनुमोदित किया है।

उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के इस गौरवशाली योगदान एवं मंदिर से उनके ऐतिहासिक जुड़ाव की स्मृति को स्थायी रूप से संजोने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में क्षेत्र से जुड़े स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के छायाचित्र स्थापित किए जा रहे हैं। 15 अगस्त को इन छायाचित्रों का अनावरण बसना क्षेत्र के विधायक एवं मंदिर के ट्रस्टी श्री संपत अग्रवाल जी द्वारा वरिष्ठ समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में किया जाएगा।

मंदिर संचालन समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि यह आयोजन केवल स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रों का अनावरण नहीं, बल्कि उनके त्याग, संघर्ष, राष्ट्रभक्ति और बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का एक विनम्र प्रयास है। मंदिर परिसर में उनके चित्र स्थापित होने से नई पीढ़ी को रायपुर के स्वतंत्रता आंदोलन के स्थानीय इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को जानने का अवसर मिलेगा।

मंदिर ट्रस्ट एवं संचालन समिति ने सभी समाजबंधुओं, स्वतंत्रता सेनानी परिवारों, वरिष्ठ नागरिकों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं से इस ऐतिहासिक एवं भावपूर्ण अवसर पर उपस्थित होकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आग्रह किया है।

स्थान: श्री बांके बिहारी मंदिर, चूड़ी लाइन, नयापारा, सदर बाजार, रायपुर
दिनांक: 15 अगस्त 2026, शनिवार
समय: दोपहर 3:30 बजे से