मुख्यमंत्री साय के कार्यकाल में करडेगा व फरसाबहार में नवीन महाविद्यालयों को मिली अनुमति
जशपुर जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की पहुंच अब और बढ़ रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यकाल में दुलदुला के करडेगा और फरसाबहार में नवीन शासकीय महाविद्यालयों की स्थापना की अनुमति मिलने के बाद यहां शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है।
इन महाविद्यालयों के शुरू होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इन महाविद्यालयों के प्रारंभ होने से ग्रामीण अंचलों में उच्च शिक्षा के नए अवसर सृजित हुए हैं। विशेषकर छात्राओं के लिए घर के आसपास उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होने से उनकी उच्च शिक्षा की निरंतरता को बढ़ावा मिलेगा। शासन की इस पहल से दूरस्थ क्षेत्रों में ज्ञान का प्रकाश पहुंचने के साथ ही विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है
शासकीय नवीन महाविद्यालय, फरसाबहार का संचालन फिलहाल शासकीय स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, फरसाबहार के भवन में किया जा रहा है। प्रवेश एवं अन्य जानकारी के लिए शासकीय नवीन महाविद्यालय, बागबहार के प्राचार्य से मोबाइल नंबर 91655 31141 पर संपर्क किया जा सकता है। इसी तरह शासकीय नवीन महाविद्यालय, करडेगा का संचालन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, करडेगा के भवन में किया जा रहा है। महाविद्यालय से संबंधित जानकारी के लिए शासकीय महाविद्यालय, दुलदुला के प्राचार्य से मोबाइल नंबर 94241 89912 पर संपर्क किया जा सकता है। दोनों महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन तथा पंजीयन की अंतिम तिथि 19 सितंबर 2026 निर्धारित है। विद्यार्थियों और अभिभावकों से निर्धारित समय-सीमा में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है।



