मुंगेली में दर्दनाक सड़क हादसा, विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई समेत तीन की मौत
मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के दशरंगपुर गांव में गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। एक ही हादसे में तीन लोगों की मौत से गांव में शोक की लहर है।
मॉर्निंग वॉक पर निकले थे अधीन मोहले
जानकारी के अनुसार, हादसा विधायक पुन्नूलाल मोहले के गृह ग्राम दशरंगपुर में हुआ। गांव के आवासपारा निवासी अधीन मोहले गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इस दौरान वह घर के बाहर सड़क किनारे कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में अधीन मोहले के अलावा बल्लू बघेल, पिता तिजऊ राम और रेहुंटा निवासी गंगा राम की भी मौत हो गई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की तलाश
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, एक पिकअप वाहन के तखतपुर की ओर से मुंगेली जाने की बात सामने आई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन की पहचान कर चालक तक पहुंचा जा सके। हालांकि, फुटेज में नजर आ रहे वाहन की हादसे में संलिप्तता की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
जिला अस्पताल पहुंचे विधायक मोहले
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक पुन्नूलाल मोहले जिला अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्होंने तीनों मृतकों को श्रद्धांजलि दी। अस्पताल में भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और विधायक के समर्थकों की भी मौजूदगी रही।
गांव में पसरा मातम
एक साथ तीन लोगों की मौत से दशरंगपुर और आसपास के क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अधीन मोहले का अंतिम संस्कार गुरुवार को उनके गृह ग्राम दशरंगपुर में किया गया।



