डेयरी में खाद्य विभाग का छापा, 3,050 किलो खोवा-पनीर और मिठाइयां नष्ट

डेयरी में खाद्य विभाग का छापा, 3,050 किलो खोवा-पनीर और मिठाइयां नष्ट

बेमेतरा। त्योहारों और शादी-ब्याह के सीजन में बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बेमेतरा जिले के बेरला स्थित उत्सव डेयरी में छापेमारी के दौरान 3,050 किलो से अधिक खोवा, पनीर और मिठाइयां खराब एवं अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी मिलीं। कई खाद्य पदार्थों के पैकेटों में फफूंद भी पाई गई। उपभोक्ताओं की सेहत के साथ खिलवाड़ की आशंका को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने पूरी सामग्री मौके पर ही नष्ट करा दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देशन में विभागीय टीम ने 15 नवंबर को बेरला स्थित उत्सव डेयरी का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान डेयरी परिसर में खाद्य पदार्थों के भंडारण की स्थिति बेहद खराब मिली। फर्श पर गंदगी और फिसलन थी। परिसर में स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन भी नहीं किया जा रहा था। कई पैकेटों में फफूंद लगी हुई मिली, जिससे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

3,050 किलो खाद्य सामग्री कराई गई नष्ट

निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम को डेयरी में करीब 2,000 किलो खोवा, 900 किलो पनीर और 150 किलो विभिन्न प्रकार की मिठाइयां मिलीं। इनकी स्थिति खराब होने और अस्वच्छ तरीके से भंडारण किए जाने के कारण विभाग ने नगर पालिका एवं स्थानीय प्रशासन के सहयोग से पूरी सामग्री मौके पर ही नष्ट करा दी। इस कार्रवाई में पुलिस और पंचायत पदाधिकारियों का भी सहयोग लिया गया।

दूध फाड़ने में गैर-फूड ग्रेड एसिड का इस्तेमाल

जांच के दौरान डेयरी में दूध फाड़ने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे एसिटिक एसिड को लेकर भी गंभीर अनियमितता सामने आई। विभागीय टीम के अनुसार, इस्तेमाल किया जा रहा एसिड फूड ग्रेड का नहीं था। खाद्य पदार्थों के निर्माण में गैर-फूड ग्रेड रसायन का इस्तेमाल उपभोक्ताओं की सेहत के लिए जोखिम पैदा कर सकता है।

एनालॉग पनीर बनाने का संदेह, नमूने जांच के लिए भेजे

डेयरी में एनालॉग पनीर यानी दूध के पारंपरिक घटकों के बजाय अन्य वसा एवं प्रोटीन आधारित सामग्री से तैयार किए जाने वाले पनीर के निर्माण की आशंका भी जताई गई है। इस संबंध में विभागीय टीम ने खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।