जंगलों में लगी भीषण आग से 64 लोगों की मौत, हजारों घर जलकर खाक

नईदिल्ली। दक्षिण अमेरिकी देश चिली के जंगलों में आग भड़कने से 64 लोग मारे गए, जबकि 1100 से ज्यादा घर राख हो गए। आपाकालीन सेवा विभाग हेलिकॉप्टर व ट्रकों की मदद से शहरी इलाकों में आग बुझाने का प्रयास कर रहा है। बड़ी संख्या में लोग झुलस गए हैं, जिसके कारण मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
तटीय शहर वीना डेल मार के आसपास के इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। गृह मंत्री कैरोलिना टोहा ने कहा, वालपराइसो की स्थिति सबसे नाजुक है। सड़कों पर भी लोगों के शव मिल रहे हैं। वर्ष 2010 के भूकंप के बाद चिली में यह सबसे बड़ी आपदा है। उस वक्त भूकंप के कारण लगभग 500 लोग मारे गए थे।