रायपुर युवक की बेरहमी से हत्या, सिर और चेहरा कुचलकर सुनसान इलाके में फेंकी लाश
डब्ल्यूआरएस कॉलोनी के पास मलबा डंपिंग स्थल पर मिला शव, हाथ पर गुदा मिला 'आरके सारथी'; पहचान और हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक युवक की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। डब्ल्यूआरएस कॉलोनी के सुनसान इलाके में युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने युवक के सिर और चेहरे को पत्थर से इतनी बेरहमी से कुचला कि उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे पुलिस को डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित मलबा डंपिंग क्षेत्र में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। यह स्थान रायपुर रेलवे स्टेशन पुनर्निर्माण परियोजना के तहत निकाले जा रहे मलबे को डंप करने के लिए उपयोग किया जा रहा है। घटनास्थल के पास ही ठेकेदार का कार्यालय भी स्थित है।बताया जा रहा है कि ठेकेदार के एक कर्मचारी ने कार्यालय के पीछे शव पड़ा देखा और इसकी जानकारी ठेकेदार को दी। इसके बाद मामले की सूचना रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और खमतराई पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल पर संघर्ष के निशान मिले हैं। वहीं एक बड़ा पत्थर भी बरामद हुआ है, जिससे हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अज्ञात आरोपियों ने युवक के सिर और चेहरे पर लगातार वार कर उसकी हत्या की है। हत्या के बाद शव को वहीं छोड़कर आरोपी फरार हो गए। वारदात की क्रूरता को देखते हुए पुलिस इसे सुनियोजित हत्या मानकर जांच कर रही है।मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि उसके दाहिने हाथ पर गोदना से 'आरके सारथी' लिखा हुआ मिला है। पुलिस इसी आधार पर मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। आसपास के थानों और गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के समय और हत्या के तरीके को लेकर और स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। साथ ही मृतक की पहचान और उसके संभावित दुश्मनों या पुरानी रंजिश के पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल खमतराई पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।



