घायल एवं असहाय पशुओं की सेवा सबसे बड़ा मानवीय धर्म : विधायक पुरन्दर मिश्रा "Arham Always Care" पशु एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ, पशु संरक्षण एवं सेवा के लिए अभिनव पहल
रायपुर उत्तर के विधायक पुरन्दर मिश्रा Arham Yuva Seva Group एवं श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन गुजराती संघ, रायपुर द्वारा आयोजित "Arham Always Care" पशु एम्बुलेंस सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने सेवा को समर्पित इस अभिनव पहल का शुभारंभ करते हुए कहा कि किसी भी सभ्य समाज की पहचान केवल मानव सेवा से नहीं, बल्कि मूक एवं असहाय प्राणियों के प्रति उसकी संवेदनशीलता से भी होती है।
विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि घायल, बीमार एवं असहाय पशुओं को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई यह पशु एम्बुलेंस सेवा न केवल सराहनीय है, बल्कि समाज में सेवा, करुणा और जीवदया की भावना को भी मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि पशु भी हमारी सृष्टि का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी रक्षा एवं सेवा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने Arham Yuva Seva Group एवं श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन गुजराती संघ की इस मानवीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं। यह अभियान केवल पशुओं के उपचार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लोगों में जीवों के प्रति दया, संवेदना और जिम्मेदारी का भाव भी विकसित करेगा।
श्री मिश्रा ने विश्वास व्यक्त किया कि "Arham Always Care" पशु एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में घायल, बीमार एवं बेसहारा पशुओं को समय पर उपचार मिलेगा, जिससे अनेक मूक प्राणियों का जीवन बचाया जा सकेगा। उन्होंने इस सेवा से जुड़े सभी सेवाभावी कार्यकर्ताओं, चिकित्सकों एवं सहयोगियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, कुलदीप जुनेजा, लोकेश कवाड़िया, डॉ. कृतिका जैन, जैन समाज के वरिष्ठजन, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसके सफल संचालन की कामना की।



