गुरु घासीदास वार्ड को मिली नई सौगात, विधायक पुरन्दर मिश्रा ने सामुदायिक भवन निर्माण का किया भूमिपूजन
रायपुर। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक पुरन्दर मिश्रा ने बुधवार को गुरु घासीदास वार्ड क्रमांक 48 में वार्डवासियों की उपस्थिति में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उपस्थित होकर विकास कार्य के शुभारंभ का स्वागत किया तथा विधायक श्री मिश्रा का आत्मीय अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि सामुदायिक भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र होगा। इससे वार्डवासियों को विभिन्न सामाजिक आयोजनों, बैठकों तथा जनहित के कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि रायपुर उत्तर विधानसभा के प्रत्येक वार्ड में जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। क्षेत्र के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं तथा भविष्य में भी जनहित के ऐसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
विधायक श्री मिश्रा ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी विश्वास के साथ वे क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विधानसभा के प्रत्येक वार्ड में आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
इस अवसर पर वार्डवासियों ने सामुदायिक भवन निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक श्री मिश्रा के प्रति आभार जताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भवन के निर्माण से वार्ड के सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद महेश ध्रुव, तेलीबांधा मंडल अध्यक्ष दलविंदर बेदी, महेश बघेल, सरिता यादव, राजू राघवानी, जीवन साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिक एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।



