शिक्षा से बनेगा सशक्त भविष्य: नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय अभिनंदन करने पहुँचे विधायक पुरन्दर मिश्रा
रायपुर। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के न्यू शांति नगर स्थित पी.जी. उमाठे उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम शासकीय विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में विधायक पुरन्दर मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया तथा उन्हें नवीन शैक्षणिक सत्र की पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर बच्चों की उत्साहपूर्ण मुस्कान, अभिभावकों के विश्वास और शिक्षकों के समर्पण से उत्सवमय वातावरण में परिवर्तित हो गया। विधायक पुरन्दर मिश्रा ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन, संस्कार और परिश्रम को जीवन की सफलता का आधार बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि एक जागरूक, सक्षम और आत्मनिर्भर नागरिक के निर्माण की आधारशिला है। शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र का मार्ग प्रशस्त करता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आधुनिक संसाधनों, उत्कृष्ट शिक्षण व्यवस्था और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे भविष्य में अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर सकें।



