चलती हाईवा में लगी भीषण आग, चालक समेत 3 लोग गंभीर रूप से झुलसे

चलती हाईवा में लगी भीषण आग, चालक समेत 3 लोग गंभीर रूप से झुलसे

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-43) पर चलती हाईवा में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में हाईवा चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सोनतराई स्थित देवगढ़ मोड़ के पास हुई। चलती हाईवा में अचानक आग भड़कने से वाहन में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से तीनों घायलों को किसी तरह वाहन से बाहर निकाला गया।

घायलों को तत्काल सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की आवाजाही काफी देर तक प्रभावित रही।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग लगने से हाईवा को भारी नुकसान पहुंचा है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।