शासकीय दंतेश्वरी पी जी महिला महाविद्यालय जगदलपुर में नवप्रवेशित छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

आज दिनांक 23 अगस्त 2025 को शासकीय दंतेश्वरी पी जी महिला महाविद्यालय जगदलपुर में प्रथम सेमेस्टर नवप्रवेशित छात्राओं (बीए, बीएससी, बीकॉम, होम साइंस) के लिए दीक्षारंभ समारोह एवं इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री संजय पांडे जी, महापौर जगदलपुर नगर निगम थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में खेमसिंह देवांगन, सभापति नगर निगम जगदलपुर एवं कलावती कसेर, पार्षद जगदलपुर नगर निगम थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव गुहे ने की।
इस कार्यक्रम के आयोजन का मुख्य उद्देश्य नवप्रवेशित छात्राओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई।
कार्यक्रम के अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. राजीव गुहे ने महाविद्यालय के स्थापना से लेकर वर्तमान समय तक की स्थिति के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है, इसे विस्तार से समझें और इसका लाभ उठाएं।
इसके बाद मुख्य अतिथि श्री संजय पांडे जी ने छात्राओं को अपने उद्बोधन में कहा कि जीवन का अपना एक लक्ष्य तय करें और इसे पाने के लिए कठिन परिश्रम के साथ समर्पित रहें।
तत्पश्चात छात्राओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति तथा महाविद्यालय के बारे में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. योगेन्द्र मोतीवाला एवं डॉ. रंजना नाथ, सहायक प्राध्यापक श्री भुवनेश्वर कुमार, डॉ. श्यामाचरण, डॉ. प्रिंसी दुग्गा ने विस्तार से जानकारी प्रदान की। स्वयं एवं मूक पोर्टल के बारे में लाइब्रेरियन श्रीमती जयश्री मंडल देबनाथ ने जानकारी प्रदान की। महाविद्यालय में होने वाले खेलकूद के बारे में क्रीड़ाधिकारी श्री सत्यनारायण सोनंत ने जानकारी प्रदान की। महाविद्यालय में संचालित यूथ रेड क्रॉस एवं रेड रिबन क्लब के बारे में नोडल अधिकारी डॉ. गुलाब चंद साहू (सहायक प्राध्यापक, वनस्पति शास्त्र) ने विस्तार से बताया।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती बबीता दीवान ने किया तथा आभार प्रकट डॉ. योगेन्द्र मोतीवाला के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त सहायक प्राध्यापक, कर्मचारीगण एवं छात्राएं उपस्थित थे।