दिसंबर की ठंड ने दी दस्तक, दिल्ली में सीजन का सबसे ठंडा दिन
दिसंबर की शुरुआत के साथ ही ठंड ने दस्तक दे दी है, हालांकि उत्तर भारत में अभी कड़ाके की ठंड पूरी तरह शुरू नहीं हुई है। कई राज्यों में मौसम में उतार–चढ़ाव जारी है। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने दक्षिण भारत के कई हिस्सों—तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा—में भारी बारिश के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उधर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और झारखंड में शीतलहर और ठिठुरन बढ़ने का पूर्वानुमान है।
दिल्ली में मौसम
बुधवार को दिल्ली में इस सीजन का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 23.7°C रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। इससे पहले नवंबर में 24.3°C दर्ज किया गया था, जो इस मौसम का दूसरा सबसे ठंडा अधिकतम तापमान था। IMD ने गुरुवार को मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान लगभग 23°C और न्यूनतम 6°C रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में मौसम
यूपी में अभी कड़ाके की ठंड शुरू नहीं हुई है, लेकिन तापमान में उतार–चढ़ाव जारी है। 4 दिसंबर को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान है, जबकि सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रह सकता है। 5 और 6 दिसंबर को भी मौसम साफ रहने और कोहरे की संभावना है। 7 और 8 दिसंबर को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।



