एसआईआर प्रक्रिया समझाने भाजपा की कार्यशाला

वोटर लिस्ट सुधार के लिए भाजपा संगठित

एसआईआर प्रक्रिया समझाने भाजपा की कार्यशाला

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर के दृष्टिगत आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर जाकर, हर एक घर तक पहुंचकर हर एक परिवार का नाम दो बार मिलान करना है एवं उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करना है। उन्होंने कहा कि इस संपर्क अभियान के माध्यम से बूथ समितियों को और भी मजबूत करना है। 

भाजपा राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा पदाधिकारी से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता हर परिस्थितियों के लिए तैयार रहते हैं। हमारे कार्यकर्ता परिश्रमी व पराक्रमी है वह समाज के बीच हमारी राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूत करने में जुटे है। यह अभियान भी महत्वपूर्ण है जिसमें सबकी भूमिका सदैव की तरह होनी चाहिए। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के दुष्प्रचार को हमें लोगों तक पहुंचना है। जो फर्जी तरीके से मतदान कर रहे हैं, उन्हें रोकना है। इसके लिए एसआईआर एक प्रमुख माध्यम है। एसआईआर की शुरुआती प्रक्रिया देश के 12 राज्यों में की जा रही है, जिसमें से छत्तीसगढ़ भी शामिल है। जिसमें आप सबकी महत्वपूर्ण भागीदारी एवं जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्रहितों का विरोध किया है।

भाजपा विधायक अजय चन्द्राकर ने  कहा कि देश की आजादी के बाद कई बार एसआईआर पर चर्चा हुई लेकिन पहली बार एसआईआर को लेकर महत्वपूर्ण कार्य हो रहा है। जिस पर सबकी नजरे हैं। कांग्रेस ने तो हमेशा दिभ्रमित करने वाली राजनीति को प्रोत्साहित किया है। लेकिन यह अभियान देश को मजबूत करने वाला है जिसे लेकर कांग्रेस की मौनता समझ से परे हैं। इस दौरान हमारे प्रशिक्षित टोली पूरे प्रदेश में अभियान का संचालन करेगी। इसके साथ ही अगले 100 दिनों में भाजपा कार्यकर्ताओं का काम और समर्पण आने वाले वर्षों के लिए प्रदेश के सुखद भविष्य को तय करेगा।