बालोद कोतवाली से महिला आरोपी फरार, 48 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग; 3 पुलिसकर्मी निलंबित

बालोद कोतवाली से महिला आरोपी फरार, 48 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग; 3 पुलिसकर्मी निलंबित

 बालोद जिले में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। चोरी के आरोप में पुलिस अभिरक्षा में रखी गई एक महिला बालोद कोतवाली थाने से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई। घटना के 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद महिला का कोई सुराग नहीं मिला है। मामले में लापरवाही पाए जाने पर एक महिला कांस्टेबल समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, चोरी के आरोप में गिरफ्तार महिला को शुक्रवार शाम बालोद कोतवाली थाना लाया गया था। रातभर उसे पुलिस अभिरक्षा में रखा गया। शनिवार सुबह किसी समय वह पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गई।

महिला के फरार होने की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उसकी तलाश में आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन 48 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी।

प्रारंभिक जांच में ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने पर विभाग ने एक महिला कांस्टेबल सहित तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। फिलहाल पुलिस फरार महिला की तलाश में जुटी हुई है। वहीं, इस घटना के बाद पुलिस अभिरक्षा की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।