नर्सरी में फंदे पर लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के चरोदा इलाके में सोमवार को एक नर्सरी परिसर में युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर जीआरपी चरोदा पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, चरोदा स्थित नर्सरी में काम पर पहुंचे राइस मिल के मजदूरों ने पेड़ से लटका युवक का शव देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल स्थानीय पार्षद और जीआरपी चरोदा पुलिस को इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच जारी है।



