जर्जर स्कूल भवन से नाराज ग्रामीणों ने जड़ा ताला, बोले- पहले सुरक्षा फिर पढ़ाई
विकासखंड अभनपुर के ग्राम सोनसिल्ली स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के जर्जर भवन को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, पालकों और छात्र-छात्राओं ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। बारिश के बीच सुबह से प्रदर्शनकारी हाथों में मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर “नया स्कूल भवन दो” के नारे लगाते रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल के दोनों भवन काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं। प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक शाला एक ही परिसर में दो पालियों में संचालित होती हैं। लगातार बारिश के कारण भवन की हालत और खराब हो गई है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। पालकों ने कहा कि बच्चे जान जोखिम में डालकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जर्जर भवन की स्थिति से कई बार शासन-प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की शिक्षा के साथ उनकी सुरक्षा भी जरूरी है। इसी वजह से मजबूरी में स्कूल में तालाबंदी कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना पड़ा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक नए भवन निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं होती, तब तक स्कूल का ताला नहीं खोला जाएगा। प्रदर्शन के दौरान शिक्षक भी मौके पर मौजूद रहे, लेकिन वे स्थिति को लेकर असहाय नजर आए।
मामले में विकासखंड शिक्षा अधिकारी धरमचंद जैन ने बताया कि वे सोनसिल्ली पहुंचकर ग्रामीणों से चर्चा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि जर्जर भवन को डिस्मेंटल करने के लिए जल्द आदेश जारी कराया जाएगा और नए स्कूल भवन की स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
वहीं अभनपुर एसडीएम रवि सिंह ने बताया कि इस संबंध में बीईओ और जनपद पंचायत सीईओ से चर्चा हो चुकी है। नए स्कूल भवन निर्माण के लिए शीघ्र प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी।



