बिलासपुर में आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत, तेज बारिश से शहर में जलभराव
बिलासपुर में रविवार देर रात तक रुक-रुककर हुई तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। वहीं, लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, शहर से लगे कोनी थाना क्षेत्र में बारिश के दौरान किसान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे किसान को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रविवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और उमस बढ़ी हुई थी। दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई, जो शाम और देर रात तक रुक-रुककर जारी रही।
लगातार बारिश के चलते शहर की जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो गई। कई प्रमुख सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हालांकि, बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत भी मिली।



