आपसी रंजिश में किसान की हत्या, 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
भटगांव थाना पुलिस ने जुनवानी गांव में हुए चर्चित अंधे कत्ल की गुत्थी महज 48 घंटे के भीतर सुलझाते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि रंजिश और खेत की मेड़ को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें एक किसान की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडे तथा एसडीओपी विजय ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शिवकुमार धारी के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को ग्राम जुनवानी निवासी तुलसीदास टंडन तिल की बुआई के लिए खेत गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश की तो उनका शव खेत की मेड़ के पास पड़ा मिला। मृतक के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे और सीने में गैंती धंसी हुई थी। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक और पड़ोसी सकराम उर्फ बजरंग कुर्रे (67 वर्ष) के बीच खेत की मेड़ को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने डंडे से तुलसीदास के सिर पर हमला कर उन्हें गिरा दिया। इसके बाद मौके पर पड़ी गैंती उठाकर आरोपी ने उनके सीने पर वार कर हत्या कर दी और गैंती वहीं छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडे के टुकड़े भी बरामद कर लिए गए। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवकुमार धारी, उप निरीक्षक बलीराम निराला, कृष्ण कुमार टंडन, पीएसआई नवीन ठाकुर सहित भटगांव थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



