समोदा को 128 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की ऐतिहासिक सौगात: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया भूमिपूजन, छात्राओं को साइकिल वितरित कर कीं चार बड़ी घोषणाएं*
*रायपुर/समोदा।* मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर जिले के नगर पंचायत समोदा में आयोजित भव्य विकास कार्यक्रम में 128 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने 'एक पेड़ माँ के नाम 2.0' अभियान के तहत स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय परिसर में आंवले का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं *सरस्वती साइकिल योजना* के अंतर्गत कक्षा 9वीं की छात्राओं को साइकिलें वितरित कर उनकी शिक्षा को नई गति प्रदान की तथा मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का गजमाला पहनाकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समोदा की पावन धरती से 128 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शुभारंभ क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से राज्य सरकार ने ढाई वर्षों में 'मोदी की गारंटी' के अधिकांश वादों को पूरा किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनते ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी गई, जिनमें से लगभग 10 लाख आवास पूर्ण हो चुके हैं। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है तथा दो वर्षों का बोनस भी दिया गया है। *महतारी वंदन योजना* के माध्यम से प्रदेश की लाखों माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार गरीब, किसान, महिला और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बस्तर को धरती का स्वर्ग बताते हुए वहां पर्यटन विकास और नक्सलवाद के विरुद्ध सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में केवल ढाई वर्षों में आरंग विधानसभा क्षेत्र को *858 करोड़ 55 लाख 20 हजार रुपये* से अधिक के विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री को विकास पुरुष बताते हुए कहा कि सरकार बनने के पहले 100 दिनों के भीतर अनेक महत्वपूर्ण घोषणाओं को पूरा कर जनविश्वास को मजबूत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की मांगों को स्वीकार करते हुए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें नगर पंचायत समोदा भवन के प्रथम तल का विस्तार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समोदा में आहता निर्माण, ग्राम पंचायत तुलसी के हाई स्कूल का हायर सेकेंडरी विद्यालय में उन्नयन तथा ग्राम रीवां में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से स्टॉप डेम निर्माण शामिल है।
इस अवसर पर भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री रामप्रताप सिंह, चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री ध्रुव कुमार मिर्धा, रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रह्लाद रजक, औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री अंजय शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल, भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष श्री श्याम नारंग, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री संदीप यदु सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



